गिरिडीह के प्रमुख पर्यटन स्थल खंडोली डैम के आसपास “स्वच्छता ही सेवा” अभियान 2026 के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यटन स्थल की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के साथ स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला समन्वयक रितेश साव और वीरेंद्र कुमार मंडल ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न गांवों में लगातार स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखने के लिए सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
यूनिसेफ सहयोगी संस्था आईडीएफ के निर्भय कुमार ने बताया कि हर वर्ष 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा” अभियान चलाया जाता है। अभियान के दौरान खंडोली डैम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई तथा लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा निर्धारित जगह पर डालने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में संबंधित कर्मियों, कर्णपुरा पंचायत के मुखिया, जलसहियाओं और स्थानीय प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई। जिला प्रशासन ने लोगों से पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की।












