Aba News

सरिया थाना के बाहर भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस पर मारपीट का आरोप

गिरिडीह जिले के सरिया थाना परिसर में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए थाना का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण देखने को मिला। प्रदर्शनकारी पोखरियाडीह निवासी प्रेम कुमार मंडल की गिरफ्तारी तथा थाने में कथित मारपीट के विरोध में कार्रवाई की मांग कर रहे थे। धरना का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता बबलू कुमार मंडल ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात पुलिस ने प्रेम कुमार मंडल को फोन कर थाना बुलाया था। उनका कहना था कि थाना पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की।

भाजपा नेताओं ने सरिया इंस्पेक्टर को तत्काल हटाने और प्रेम कुमार मंडल को सम्मानपूर्वक रिहा करने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाना मुख्य गेट पर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना में भाजपा नेता मनीष मंडल, नरेश रजक, बबलू कुमार मंडल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की। एसडीपीओ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें