गिरिडीह के बरमसिया स्थित अधिवक्ता अजय कुमार सिन्हा (मंटू) के आवास पर आयोजित पांच दिवसीय श्री राम कथा महोत्सव का गुरुवार को भव्य भंडारे के साथ समापन हो गया। अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक मनीष कृष्ण महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। 18 से 22 मई तक चले महोत्सव में प्रतिदिन कथा प्रवचन, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया तथा श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के मुख्य यजमान अंजनी सिन्हा एवं सोनी सिन्हा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को समाज में सशक्त करना है। समापन समारोह में सुमित कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों में सहभागिता की अपील की।













