गिरिडीह जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री Rajiv Gandhi की पुण्यतिथि शहीद दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा अत्याचार, अन्याय और आतंक के खिलाफ कभी नहीं झुकने की शपथ ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि राजीव गांधी ने अपने अल्पकालीन कार्यकाल में भारत को आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत राष्ट्र बनाने की दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था, संचार क्रांति, अंतरिक्ष और रक्षा कार्यक्रमों को नई दिशा देने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ने के लिए मतदान की उम्र 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करना, दल-बदल कानून लागू करना और महिला आरक्षण के लिए संसद में बिल पेश करना राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच का परिणाम था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाना आज सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में नेजाम, सुलेमान अख्तर, राजेश तुरी, धनंजय सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की, जिनका स्वागत पार्टी नेताओं ने किया।












