गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिसरी चौक पर बीती रात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। चोरों ने सिदो-कान्हो चौक के सामने स्थित ज्वेलरी दुकान के पीछे की दीवार काटकर वारदात को अंजाम दिया। दुकान मालिक मिर्जागंज निवासी शक्ति स्वर्णकार (पिता स्व. खिरो स्वर्णकार) ने बताया कि वे शनिवार शाम करीब 5 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह जब दुकान पहुंचे तो पीछे की दीवार टूटी मिली और सारा सामान गायब था।

पीड़ित दुकानदार के अनुसार दुकान में रखे करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के पायल, नथिया सहित अन्य आभूषण चोरी हो गए हैं। घटना की सूचना पर तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रिंकू बरनवाल और समाजसेवी राजकुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उल्लेखनीय है कि दुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जबकि पुलिस पहले ही दुकानदारों को सुरक्षा के मद्देनज़र सीसीटीवी लगाने की सलाह दे चुकी है।













