गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बगोदर बाजार में बीती रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने बंद पड़े एक घर को निशाना बनाते हुए नगदी समेत लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार यह घटना मोहन चौरसिया के घर में घटी, जो किसी आवश्यक काम से बाहर गए हुए थे और घर पूरी तरह बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने रात के अंधेरे में घर में घुसकर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब घटना की जानकारी मिली तो इलाके में हड़कंप मच गया, जिसके बाद भुक्तभोगी मोहन चौरसिया के साथ बगोदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घर का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी गए सामान का आकलन किया जा रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बगोदर बाजार के लोगों में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग रात्रि गश्त बढ़ाने व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।












