गिरिडीह, 26 जुलाई 2025 – बी एन एस डीएवी पब्लिक स्कूल में कारगिल विजय दिवस उत्साह, गर्व और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपाधीक्षक मो. कौशर अली थे, जिनका स्वागत विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने गुलदस्ता भेंट कर किया। मुख्य अतिथि ने ‘शहीद-ए-कारगिल स्मारक’ पर तिरंगा फहराकर कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय सेना के शौर्य को नमन करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें वीर सैनिकों के बलिदान की याद दिलाता है। प्राचार्य गर्ग ने कहा कि सैनिक देश के गौरव हैं और उनके बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने छात्रों से देशहित में कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों और शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा, जिससे आयोजन सफल और भावनात्मक रूप से प्रेरणादायक रहा।













