गिरिडीह। झंडा मैदान में शनिवार शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच विवाद हो गया। पुतला दहन को लेकर बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता झंडा मैदान पहुंचे थे, वहीं कार्यक्रम रोकने के लिए सदर एसडीएम धीरेंद्र कुमार, एसडीपीओ जितवाहन उरांव और नगर थाना पुलिस समेत बड़ी संख्या में जवान तैनात थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी के नेतृत्व में कुछ कार्यकर्ता टावर चौक पहुंचे और मुख्यमंत्री का पुतला जला दिया। प्रशासन के पहुंचने से पहले ही पुतला पूरी तरह जल चुका था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने प्रशासन पर राज्य सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना सभी का अधिकार है और पिछले दिन छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट की घटना की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रों पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा चक्का जाम आंदोलन करेगी। मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, प्रो. विनीता कुमारी, सुनील पासवान, सुरेश प्रसाद मंडल, नवीन सिन्हा, सुभाष चंद्र सिन्हा, मनोज साहु, दीपक यादव, महेंद्र वर्मा, राजकिशोर साव समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।












