Aba News

रानीखावा में तालाब में डूबने से दो 13 वर्षीय बच्चों की मौत, कमल का फूल निकालने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से दो 13 वर्षीय बच्चों की मौत हो गई।मृतकों की पहचान रानीखावा निवासी शंकर रजक के पुत्र हार्दिक रजक और विष्णु रजक के पुत्र प्रेम रजक के रूप में हुई है। एक साथ दो बच्चों की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है। वहीं, घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे हार्दिक और प्रेम अपने एक अन्य साथी के साथ सड़क किनारे स्थित तालाब के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे तालाब से कमल का फूल निकालने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान तालाब की गहराई अधिक होने के कारण दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना को देखकर उनके साथ मौजूद बच्चे ने तत्काल गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में तालाब के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना देर किए तालाब में उतरकर दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी। करीब आधे घंटे तक चले प्रयास के बाद ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक दोनों की हालत गंभीर हो चुकी थी।घटना की जानकारी पचंबा थाना पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को तत्काल इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

दो मासूम बच्चों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही रानीखावा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घर पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ गम का माहौल है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तालाब जैसे गहरे जलस्रोतों के पास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। उन्होंने बताया कि तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें