गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। बदमाशों ने पहले महिला को घर के पास बुलाकर एड्रेस पूछने के बहाने बातचीत में उलझाया और मौका मिलते ही पीछे से उसके गले से सोने की चेन झपट ली। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।जानकारी के अनुसार बगोदर बाजार के गल्ला व्यवसायी लालो साव की पत्नी सुनीता देवी अपने पति के साथ मंझलाडीह मंदिर से पूजा कर स्कूटी से घर लौट रही थीं। घर पहुंचने के बाद उनके पति स्कूटी लेकर अंदर चले गए, जबकि सुनीता देवी माहुरी बायपास स्थित अपने घर में प्रवेश कर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे।
बताया जाता है कि दोनों बदमाशों ने महिला को ‘चाची’ कहकर बुलाया और बगोदर जाने का रास्ता पूछने लगे। इसी बीच जैसे ही महिला घर की ओर मुड़ी, पीछे से एक बदमाश ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक से तेजी से फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह गिर भी गई।
भुक्तभोगी महिला के अनुसार छीनी गई सोने की चेन की कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक है। घटना की सूचना मिलते ही बगोदर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि महिला के साथ चेन छिनतई की घटना की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।











