गिरिडीह जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों ने लोगों को दहला दिया। तिसरी थाना क्षेत्र में एक छड़ लदा 12 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा, जबकि बगोदर थाना क्षेत्र के औंरा स्थित हाई स्कूल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कंटेनर अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।पहली घटना तिसरी प्रखंड मुख्यालय स्थित पुल के पास टर्निंग में जसीडीह से छड़ लोड कर बिहार के छपरा जा रहा 12 चक्का ट्रक अनियंत्रित हो गया। मोड़ पर ट्रक चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और ट्रक सीधे आकाश गुप्ता के घर में जा घुसा। घर के बाहर बनी नाली में ट्रक का पहिया धंस जाने से वाहन वहीं रुक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में घर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन घर में मौजूद लोग सुरक्षित बच गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी स्थान पर कुछ वर्ष पहले भी छड़ लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर एक घर में घुस गया था। एक ही जगह दूसरी बार हुई इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत और नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल के समीप स्थित इस खतरनाक मोड़ पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।वहीं दूसरी घटना बगोदर थाना क्षेत्र के औंरा स्थित हाई स्कूल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। यहां एक कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान चालक और खलासी ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात को सामान्य कराया। दोनों घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।












