झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को गिरिडीह बस स्टैंड के समीप श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा झामुमो के जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों तथा बड़ी संख्या में आम लोगों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।इस अवसर पर शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई में शिबू सोरेन का योगदान अतुलनीय रहा है। ऐसे महान जननायक की प्रतिमा गिरिडीह में स्थापित होना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने “दिशोम गुरु अमर रहें” और “शिबू सोरेन अमर रहें” के नारों के साथ उन्हें याद किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा गिरिडीह में जल्द से जल्द उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग दोहराई। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सम्मान और भावनाओं का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके आंदोलन और झारखंड के निर्माण में निभाई गई भूमिका को याद किया। इस दौरान वे भावुक हो गए और बोलते-बोलते उनकी आंखें नम हो गईं और रोने लगे। कुछ क्षणों के लिए वे अपनी बात पूरी नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन केवल एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि झारखंड की अस्मिता, संघर्ष और करोड़ों लोगों की उम्मीदों के प्रतीक थे। उन्होंने कहा, “अब हम ‘शिबू सोरेन जिंदाबाद’ नहीं, बल्कि ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें’ कहेंगे। मंत्री के भावुक होने पर पूरे कार्यक्रम स्थल का माहौल भी गमगीन हो गया और कई कार्यकर्ताओं की आंखें भी नम हो गईं।
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत झंडा मैदान में दिशोम गुरु शिबू सोरेन फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ भी किया गया। खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों की उपस्थिति में टूर्नामेंट का उद्घाटन हुआ। आयोजकों ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ दिशोम गुरु के संघर्ष, विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।











