Aba News

गोदाम से 246 टिन पॉम ऑयल चोरी मामले का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार, पिकअप वाहन, 10 टिन पॉम ऑयल और तीन मोबाइल बरामद, कई पुराने मामलों में भी संलिप्तता स्वीकार

गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह शंकरचक स्थित पॉम ऑयल गोदाम से 21-22 जुलाई 2026 की रात करीब 246 टिन पॉम ऑयल चोरी मामले का गिरिडीह पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन (JH15AD7871), 10 टिन प्राइम गोल्ड ब्रांड पॉम ऑयल तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।इस संबंध में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 206/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह का पर्दाफाश किया।

गिरफ्तार आरोपितों में झरियागादी निवासी गोलू कुमार उर्फ गोलू यादव, रूपेश कुमार यादव तथा कृष्णा यादव शामिल हैं। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि वे पिछले दो-तीन वर्षों से गिरिडीह शहर एवं मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। आरोपितों ने यह भी स्वीकार किया कि दिसंबर 2024 और मई 2026 में भी शंकरचक स्थित इसी पॉम ऑयल गोदाम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।एसपी डॉ. बिमल कुमार के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों की संलिप्तता मुफ्फसिल थाना के वर्ष 2024 एवं 2026 में दर्ज तीन अन्य चोरी के मामलों में भी सामने आई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा अन्य मामलों में भी इनकी संलिप्तता की जांच जारी है।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा, सशस्त्र बल एवं चौकीदारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।गिरिडीह पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि चोरी, लूट और छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा डायल-112 पर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें