Aba News

JPSC-JSSC के कथित घोटालों के विरोध में भाजयुमो व महानगर का मशाल जुलूस, छात्रों के समर्थन में गूंजा विरोध, कल समाहरणालय में प्रदर्शन कर उपायुक्त को सौंपा जाएगा ज्ञापन।

गिरिडीह: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) गिरिडीह महानगर के बैनर तले शुक्रवार की शाम JPSC एवं JSSC में हुए कथित घोटालों के विरोध तथा न्याय की मांग को लेकर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में शहर में मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस की शुरुआत झंडा मैदान से हुई,जहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं जागरूक नागरिक एकत्र हुए। इसके बाद सभी हाथों में मशाल और तख्तियां लेकर टावर चौक तक पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं के भविष्य की सुरक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

मशाल जुलूस में भाजपा के मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, जिला पदाधिकारी, मोर्चा के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए तथा योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिलना चाहिए।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने कहा कि JPSC एवं JSSC में हुए कथित घोटालों के विरोध में निकाला गया मशाल जुलूस आंदोलनरत छात्रों के समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा बड़ी संख्या में छात्रों के साथ समाहरणालय पहुंचेगा, जहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि भर्ती प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भाजपा युवाओं की आवाज़ को लगातार बुलंद करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें