Aba News

धनबाद में ईडी की बड़ी कार्रवाई, अवैध कोयला कारोबार से जुड़े 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

धनबाद: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह धनबाद में अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े काले कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के 25 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।ईडी की 25 टीमों द्वारा की जा रही इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सभी स्थानों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी कथित कोयला कारोबारी एलबी सिंह, अनिल गोयल, गणेश यादव, पप्पू मंडल, अनूप चौहान, हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव तथा उनके सहयोगियों से जुड़े आवासों, कार्यालयों और अन्य परिसरों में की जा रही है। सुबह से ही ईडी की टीमें दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की गहन जांच में जुटी हुई हैं।

बताया जा रहा है कि ईडी ने इस मामले में चार अलग-अलग प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज कर जांच तेज कर दी है। एजेंसी को संदेह है कि अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध संपत्ति अर्जित की गई है। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए वित्तीय लेनदेन, बैंक रिकॉर्ड, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य अहम कागजात की बारीकी से जांच की जा रही है।

ईडी अधिकारियों का उद्देश्य अवैध कोयला कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा करना और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करना है। फिलहाल छापेमारी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही बरामदगी तथा आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें