गिरिडीह। शहर के व्यस्त इलाके स्थित कालीबाड़ी मंदिर के समीप मां सरस्वती टेलीकॉम में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर रखे लैपटॉप और आठ मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया।दुकान संचालक सूरज दास ने बताया कि वह रोज की तरह रात में दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। जब सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान का दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि दुकान से एक लैपटॉप और कई मोबाइल फोन चोरी हो चुके हैं।
दुकानदार के अनुसार चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
सूरज दास ने पुलिस प्रशासन से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की जल्द पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार कर न्याय दिलाने की मांग की है। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।












