गिरिडीह: इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने बड़ा चौक स्थित सब्जी विक्रेताओं और खाद्य सामग्री बेचने वाले ठेला संचालकों के बीच स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त बाजार को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। क्लब की अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान 50 कपड़े के थैले वितरित किए गए। साथ ही दुकानदारों से प्लास्टिक थैलों का उपयोग बंद करने और ग्राहकों को भी कपड़े के थैले का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया। स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विक्रेताओं के बीच ब्लीचिंग पाउडर भी वितरित किया गया तथा नियमित साफ-सफाई और छिड़काव करने की सलाह दी गई।

अभियान के दौरान बाजार परिसर और नालियों में भी ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। क्लब सदस्यों ने दुकानदारों एवं ठेला संचालकों से कूड़ा-कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक रहने की अपील की, ताकि बाजार आने वाले लोगों को सुरक्षित एवं स्वच्छ माहौल मिल सके। इस अवसर पर क्लब की आईपीपी कविता राजगढ़िया, ट्रेजरर रश्मि गुप्ता तथा एग्जीक्यूटिव मेंबर पूनम केडिया और मनीषा कपिस्वे ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।












