Aba News

सड़क के गड्ढों में छोड़ी जिरा मछली, ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन; 15 दिन में मरम्मत नहीं हुई तो विभाग में होगी तालाबंदी

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड के छोटकी खरगडीहा पंचायत में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को अनोखे अंदाज में देखने को मिला। स्थानीय मुखिया सुनीता देवी के नेतृत्व में वनहती से छोटकी खरगडीहा रोड, जो छोटकी खरगडीहा चौक से पंचायत सचिवालय तक जाती है, उसके गड्ढों में भरे पानी को प्रतीकात्मक “तालाब” मानते हुए ग्रामीणों ने उसमें जिरा मछली के बच्चे छोड़कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाल स्थिति की जानकारी कई बार संबंधित विभाग को पत्राचार, अखबार, प्रेस मीडिया और दूरभाष के माध्यम से दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विभाग को “कुंभकरणी नींद” से जगाने के लिए यह अनोखा विरोध किया गया है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्र के लोग संबंधित विभाग के कार्यालय में तालाबंदी करेंगे और अधिकारियों को कार्यालय में बैठने नहीं देंगे। प्रदर्शन में पूर्व मुखिया महेंद्र प्रसाद वर्मा, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि समसुद्दीन अंसारी, राजू साव, प्रमोद पंडित, अर्जुन पंडित, पुराण पंडित, रामेश्वर पंडित, कादिर अंसारी, ईश्वर पंडित, केवल पंडित, भोला यादव, अरुण कुमार, शंकर वर्मा, अजय पंडित, बलदेव वर्मा, सतीश प्रजापति, सुदामा पंडित, हेमलाल पंडित, राम प्रसाद साव, डेगन साव, संजीत वर्मा, आदित्य पंडित, नरेश पंडित सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की मरम्मत नहीं होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें