गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के भिखी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में नहाने के दौरान पांच महिलाएं डूब गईं। इस घटना में एक महिला और एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाओं को ग्रामीणों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, भिखी गांव में एक परिवार में श्राद्धकर्म का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान परिवार और गांव की कुछ महिलाएं पास के तालाब में स्नान करने पहुंची थीं। स्नान के क्रम में अचानक पांच महिलाएं गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। महिलाओं को डूबता देख तालाब में मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना देर किए तालाब में उतरकर सभी महिलाओं को बाहर निकाला।

ग्रामीणों की मदद से सभी को तत्काल इलाज के लिए गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कलवतीया देवी (44 वर्ष) और अंजली कुमारी (17 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीन महिलाओं का प्राथमिक उपचार किया गया। उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही गावां थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की परिक्रिया की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद अस्पताल परिसर में ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि श्राद्धकर्म के बीच हुई इस दुखद घटना ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया। एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।











