Aba News

अबआधार सेवाओं के लिए नहीं होगी परेशानी! गिरिडीह का ASK सेंटर बना लोगों की पहली पसंद

गिरिडीह जिला प्रशासन के प्रयासों से गिरिडीह का एकमात्र ASK (Aadhaar Seva Kendra) आधार संबंधी सभी सेवाओं का भरोसेमंद केंद्र बनकर उभरा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस केंद्र में प्रतिदिन 300 से अधिक नागरिक आधार नामांकन, मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट, दस्तावेज़ संशोधन, आधार प्रिंट सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्र में वातानुकूलित कार्यालय, स्वच्छ पेयजल, आरामदायक बैठने की व्यवस्था तथा वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। सबसे खास बात यह है कि यह केंद्र सप्ताह के सातों दिन संचालित रहता है, जिससे लोग अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी दिन आधार संबंधी कार्य करा सकते हैं।

जिला प्रशासन ने बताया कि केंद्र में प्रशिक्षित कर्मियों और आधुनिक संसाधनों के माध्यम से नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल, बायोमेट्रिक एवं दस्तावेज़ अपडेट जैसी सभी प्रमुख आधार सेवाएँ एक ही स्थान पर पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली और नागरिक हितैषी व्यवस्था के कारण यह केंद्र पूरे जिले में आधार सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन चुका है। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि आधार से जुड़े किसी भी नामांकन या अद्यतन कार्य के लिए केवल अधिकृत ASK आधार सेवा केंद्र का ही उपयोग करें, ताकि सुरक्षित, प्रमाणिक और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें