जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत जिले के सभी मतदाताओं से अपने नामों का सत्यापन कराने की अपील की है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में Unmapped मतदाताओं की पहचान एवं मैपिंग के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 23 मई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर Unmapped मतदाताओं की सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 23 एवं 24 मई को विशेष सत्यापन कार्यक्रम आयोजित होगा।
अभियान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहकर मतदाताओं की सहायता करेंगे। जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों, बीएलए और संबंधित अधिकारियों से भी सक्रिय सहयोग की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, इसलिए सभी मतदाता अपने मतदान केंद्र पहुंचकर नाम, पता एवं अन्य विवरणों का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बन सके।












