गिरिडीह: गिरिडीह–पचंबा मुख्य मार्ग पर भंडारीडीह के समीप शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बियर से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

जानकारी के अनुसार ट्रक बोकारो से बियर लोड कर गिरिडीह होते हुए पचंबा के परसाटांड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान भंडारीडीह के पास जर्जर सड़क के गड्ढे में ट्रक का पिछला पहिया फंस गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया। स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य में सहयोग किया। इस दौरान यातायात कुछ देर तक बाधित रहा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि इस मार्ग की हालत लंबे समय से खराब है और निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई करने तथा सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।











