गिरिडीह पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलोडीह पंचायत के लोहपिटी आंगनबाड़ी केंद्र में चोरी की घटना सामने आई है, जहां चोरों ने केंद्र का ताला तोड़कर बच्चों के पोषण से जुड़े सामान समेत कई आवश्यक वस्तुओं की चोरी कर ली। जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी सेविका कुमारी सरिया रोज की तरह केंद्र बंद कर घर चली गई थीं। अगले दिन ग्रामीणों ने फोन कर बताया कि केंद्र का दरवाजा खुला हुआ है। मौके पर पहुंचने पर केंद्र के अंदर सामान बिखरा मिला और चोरी की पुष्टि हुई।


चोर केंद्र से दो गैस सिलेंडर, एक बड़ा गैस चूल्हा, बर्तन, दो बड़े ड्रम तथा बच्चों के लिए रखी राशन एवं भोजन सामग्री ले गए। सूचना मिलने पर स्थानीय मुखिया शब्बीर आलम मौके पर पहुंचे और पचंबा थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। आंगनबाड़ी सेविका द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित आवेदन दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।











