गिरिडीह जिले में बुधवार को घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई। बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंचे, जिससे कई जगहों पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई। उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ा और कई लोगों को बिना सिलेंडर लौटना पड़ा, जिससे नाराजगी भी देखी गई।


स्थानीय लोगों के अनुसार युद्ध जैसी परिस्थितियों और गैस आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चाओं के कारण लोगों में जल्द गैस लेने की होड़ मच गई है। वहीं एजेंसी संचालकों ने बताया कि स्टॉक सीमित होने के कारण समस्या हुई है, लेकिन नया स्टॉक पहुंचते ही वितरण सामान्य कर दिया जाएगा। फिलहाल बढ़ती भीड़ के कारण आम उपभोक्ताओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।











