गिरिडीह अवैध कोयला कारोबार पर लगाम लगाने के लिए सीसीएल प्रबंधन द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीसीएल की टीम ने माइंस क्षेत्र के समीप छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित करीब 10 टन कोयला जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान कोयला तस्करी में संलिप्त लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान को लेकर जांच की जा रही है।

सीसीएल अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के साथ-साथ डोजरिंग अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अवैध भंडारण को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। परियोजना पदाधिकारी जी.एस. मीणा ने कहा कि अवैध खनन, भंडारण और तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीसीएल क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध कोयला कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने सीसीएल की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में अहम कदम बताया है।












