गिरिडीह जिले के चर्चित उद्योगपति और मोंगिया स्टील के चेयरमैन डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया से 20 लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस संबंध में डॉ. मोंगिया ने गिरिडीह नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि जमीन पर कब्जे की नीयत से कुछ लोगों ने उनके मकान का ताला तोड़कर भीतर रखे सामान को ले जाने का प्रयास किया और रंगदारी की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, डॉ. मोंगिया ने सदर अंचल के भंडारीडीह मौजा में खाता नंबर 63, प्लॉट नंबर 386, 388, 389 और 390 पर कुल 9.90 डिसमिल जमीन मकान समेत खरीदी है। इसी जमीन पर कब्जा जमाने के उद्देश्य से मुमताज आलम उर्फ़ मिस्टर नामक व्यक्ति अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे और मकान का ताला तोड़ दिया। जब डॉ. मोंगिया ने इसका विरोध किया तो उनके साथ बदसलूकी की गई और उनकी जेब से 10 हजार रुपये भी छीन लिए गए।
व्यवसायी ने अपनी लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि मुमताज आलम उर्फ़ मिस्टर अपने 5–6 सहयोगियों के साथ लगातार दबाव बना रहा था और उनसे 20 लाख रुपये की रंगदारी की मांग कर रहा था। जमीन विवाद के बहाने आरोपी पक्ष लगातार डराने-धमकाने का काम कर रहा था, जिससे व्यवसायी वर्ग में भी गहरी चिंता और आक्रोश फैल गया है।
नगर थाना पुलिस ने इस मामले में मिस्टर उर्फ़ मुमताज समेत छह अज्ञात युवकों को आरोपी बनाया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय व्यवसायी समुदाय में सुरक्षा को लेकर असंतोष और भय का माहौल है। व्यापारी संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि शहर का कारोबारी माहौल सुरक्षित रह सके।












