देवघर के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत जमुनिया इलाके में आज मंगलवार की सुबह एक ऐसा दर्दनाक मंजर सामने आया जिसने पूरे झारखंड को झकझोर कर रख दिया। कांवरियों से भरी एक बस की आमने-सामने से ट्रक से जोरदार टक्कर हुई, जिससे 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें बस का चालक भी शामिल है। हादसा इतना भयावह था कि बस के परखच्चे उड़ गए और चार गंभीर घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, श्रद्धालु जिस बस में सवार थे, वह देवघर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस जमुनिया के पास पहुंची, सामने से आ रहे गैस सिलेंडर से लदे ट्रक से उसकी भयंकर भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ श्रद्धालु तो हादसे के तुरंत बाद बस से कूदकर जान बचाने में सफल रहे, जबकि कई यात्री अंदर फंसे रह गए। सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना पुलिस और एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 4 लोग गभीर रूप से घायल हैं, जिनका देवघर सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं या वे सुरक्षित हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घटनास्थल पर पुलिस ने ट्रक और बस को जब्त कर लिया है, वहीं ट्रक चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हादसे की सूचना के बाद देवघर जिला प्रशासन हरकत में आया है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।












