सुबह दिल्ली के पहाड़गंज थाना की पुलिस गिरिडीह पहुंची और नगर थाना की मदद से धरियाडीह इलाके से यौन शोषण के आरोपी कुणाल कुमार को गिरफ्तार किया। पहाड़गंज थाना के एसआई जीतेंद्र ने बताया कि आरोपी को गिरिडीह कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाने की प्रक्रिया चल रही है। जानकारी के अनुसार, कुणाल कुमार दिल्ली में पढ़ाई करता था और वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान एक युवती से हुई। दोनों के बीच संबंध बने और शादी का प्रलोभन देकर आरोपी ने उसे अंडमान निकोबार घुमाने ले गया, जहां उसने शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद युवती ने खुद को ठगा महसूस करते हुए 7 जून को दिल्ली के पहाड़गंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद तीस हजारी कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ और बुधवार को पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।












