गिरिडीह : जिला प्रशासन द्वारा संचालित विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए डीआरडीए निदेशक रंथू महतों ने गांडेय प्रखंड के बरमसिया और दासडीह पंचायत में मनरेगा अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने आवास योजना, आम बागवानी, डोभा, अबुआ आवास योजना और मईया सम्मान योजना समेत अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया और योजनाओं की प्रगति पर अधिकारियों से जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने गांडेय प्रखंड सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक की, जिसमें मनरेगा, बिरसा हरित ग्राम योजना, वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना सहित कई योजनाओं पर चर्चा हुई।

उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी, बीपीओ और रोजगार सेवकों को निर्देश दिया कि मनरेगा के तहत ज्यादा से ज्यादा मानव दिवस सृजित कर ग्रामीणों को रोजगार मुहैया कराएं और सभी योजनाओं को तेजी से पूरा करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि आम जनता के हित में चल रही योजनाओं को जमीनी स्तर पर सफल बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारियों को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।













