झारखंड में संचालित विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति पर जानकारी देते हुए, बीडीओ गणेश रजक ने सोमवार को प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि मईया सम्मान योजना, अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा जैसी योजनाओं से लाभुकों को सीधा लाभ मिल रहा है। मईया सम्मान योजना के तहत 45,769 में से 39,720 आवेदन स्वीकृत किए गए, जबकि 117 आवेदन रिजेक्ट हुए और 3,922 पेंडिंग हैं। इसके अलावा, अबुआ आवास योजना में 2024-25 में 4,460 आवासों का टारगेट दिया गया, जिसमें 3,686 आवास तैयार हो चुके हैं, जबकि 774 का सेंक्शन पेंडिंग है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2024-25 में 893 योजनाओं में से 719 स्वीकृत हो चुकी हैं।
बीडीओ ने यह भी घोषणा की कि प्रखण्ड कार्यालय में एक हेल्प डेस्क खोला जाएगा, ताकि दूरदराज के पंचायतों के लोग अपने मुद्दों को फोन पर बता सकें और समस्या का समाधान पा सकें। इस पहल से कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और लोगों को आसानी से सहायता मिल सकेगी।












