गिरिडीह के सिरसिया स्थित बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल के होनहार छात्र बंटी कुमार ने जेईई एडवांस्ड-2025 में पहली बार में ही धमाकेदार सफलता हासिल की है। बंटी ने ऑल इंडिया सीआरएल में 4515वीं रैंक और ओबीसी-एनसीएल कैटेगरी में 864वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रौशन किया है। बाघानल सरिया के रहने वाले बंटी के पिता नंदलाल पंडित गिरिडीह सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं, और मां किरण कुमारी एक प्रेरणास्त्रोत।

बंटी ने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल के प्रतिस्पर्धी माहौल, माता-पिता और शिक्षकों के सहयोग को दिया और कहा कि वह इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहता है। स्कूल के प्राचार्य सचिन गर्ग ने भी बंटी की तारीफ करते हुए कहा कि जेईई जैसी कठिन परीक्षा में सफलता सिर्फ मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से ही संभव है।












