: झारखंड सरकार के विशेष अभियान के तहत गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड में ड्राइविंग लाइसेंस (लर्निंग लाइसेंस) शिविर का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश और उपायुक्त रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लोगों को प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की आसान और पारदर्शी सुविधा उपलब्ध कराना है। पहले दिन 61 लोगों ने आवेदन किया, जिनमें दस्तावेजों की जांच के बाद 38 पात्र आवेदकों को उसी दिन लर्निंग लाइसेंस जारी कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि यह दो दिवसीय शिविर दूसरे दिन भी जारी रहेगा और आगे जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ लेने तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाकर सुरक्षित और नियमसम्मत वाहन संचालन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। जिला प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र चालकों को वैध लाइसेंस उपलब्ध कराकर सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना है।












