सदर अस्पताल परिसर में मलेरिया रोधी माह जून 2026 का शुभारंभ सोमवार को किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन सह जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष डॉ बच्चा प्रसाद सिंह एवं जिला आरोग्य समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मलेरिया उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और लोगों को बचाव के उपायों की जानकारी देने का संकल्प लिया गया। बताया गया कि इस वर्ष मलेरिया रोधी माह की थीम “ड्राइव टो एन्ड मलेरिया : नॉव वी कैन , नॉव वी मस्त ” रखी गई है, जिसका हिंदी संदेश है – “मलेरिया को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, अब हम कर सकते हैं और हमें करना ही होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि मलेरिया एक गंभीर लेकिन रोकथाम योग्य बीमारी है। इस दौरान बताया गया कि यह संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलती है।

वर्तमान में मलेरिया से बचाव के लिए कोई प्रभावी टीका व्यापक रूप से उपलब्ध नहीं है, इसलिए बचाव और जागरूकता ही सबसे बड़ा उपाय है। इस मौके पर लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई रखने, जल जमाव रोकने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने की अपील की गई। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रीति अनिता कुजूर, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. प्रदीप बैठा, नगर प्रबंधक प्रशांत प्रकाश, राज्य कार्यक्रम प्रतिनिधि सुमित रोशन तिर्की, जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरजा कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक ईश्वरदेव कुमार वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।












