गिरिडीह : JAC मैट्रिक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच तेज हो गई है। कोडरमा SDPO अनिल कुमार सिंह सोमवार को फिर गिरिडीह पहुंचे और तिसरी BDO मनीष समेत स्ट्रांग रूम के प्रभारी व सुरक्षा अधिकारियों से समाहरणालय में पूछताछ की। बताया जा रहा है कि जल्द ही उन 10 शिक्षकों से भी पूछताछ होगी, जो स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात थे। जांच टीम ने प्रश्नपत्रों के सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया पर बारीकी से पड़ताल की है।

सूत्रों के अनुसार, परीक्षा के दौरान वायरल प्रश्नपत्रों के मिलान से लीक की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद SIT गठित कर कार्रवाई शुरू की गई। जांच में सामने आया कि प्रश्नपत्र गिरिडीह के स्ट्रांग रूम से चोरी हुए थे और तिसरी BDO द्वारा लाए गए बंडल में हेरफेर हुआ था। इस मामले में गिरिडीह से छह गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, लेकिन कोडरमा पुलिस अभी भी कई सवालों के जवाब तलाश रही है।












