Aba News

कोडरमा स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन की आखिरी बोगी में लगी आग, धुआं उठते ही यात्रियों में मची अफरातफरी

कोडरमा। धनबाद-गया रेलखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब कोडरमा से बरकाकाना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन की सबसे आखिरी बोगी से अचानक तेज धुआं उठने लगा। धुआं उठते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और कई यात्री अपना सामान लेकर बोगी से बाहर निकलकर प्लेटफॉर्म पर पहुंचने लगे।जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 53373 कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन गुरुवार को अपने निर्धारित समय दोपहर 3:15 बजे प्लेटफॉर्म संख्या एक से रवाना होने वाली थी। इसी दौरान ट्रेन की आखिरी बोगी में अचानक शोर होने लगा और धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते यात्रियों के बीच आग लगने की सूचना फैल गई, जिससे स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही कोडरमा स्टेशन प्रबंधक, आरपीएफ प्रभारी व जवानों के साथ जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे। रेलकर्मियों ने तत्काल यात्रियों को बोगी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद रेल प्रशासन ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। बताया जा रहा है कि घटना के समय संबंधित बोगी में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। हालांकि, सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है।

इधर, आरपीएफ और रेल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग बोगी के शौचालय से शुरू हुई थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति द्वारा शौचालय में धूम्रपान करने के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। रेल प्रशासन घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें