गिरिडीह जिले के तिसरी-गांवा मुख्य सड़क पर शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तिसरी चौक से महज 100 मीटर आगे गांवा रोड पर कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घायलों की पहचान सरफराज अंसारी (पुत्र अख्तर अंसारी) और मोहित सिंह (पुत्र सूर्यनारायण सिंह) के रूप में हुई है।

बताया गया कि दोनों युवक अपने साथी के साथ टीवीएस राइडर बाइक पर गणेश महोत्सव देखकर केंवटाटांड लौट रहे थे, तभी गांवा की ओर से आ रही पुरानी आई-10 कार से भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पीएचसी तिसरी भेजा गया, जहां डॉ. जैनेन्द्र ने उनका इलाज किया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर है, वहीं पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।













