भाकपा माले के जिला कमिटी सदस्य राजेश सिन्हा ने गिरिडीह नगर निगम की बदहाल व्यवस्था को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों से नगर निगम बिना नेतृत्व के अफसरों और कर्मियों के सहारे चल रहा है, जिससे शहर की मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। राजेश सिन्हा ने खंडोली डेम से जुड़े दो प्लांट, महादेव तालाब और चैताडीह प्लांट की हालत को चिंताजनक बताया और कहा कि इनका पानी पीने लायक नहीं है, इसकी जांच कराई जाएगी और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक पेयजल, शौचालय, और वॉटर एटीएम सबकुछ कागजों तक सीमित है और शहर में पानी की सप्लाई भी नियमित नहीं हो रही है। सिन्हा ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है कि सरकार नगर निकाय चुनाव नहीं करवा रही, ताकि विभागीय भ्रष्टाचार पर कोई जनप्रतिनिधि सवाल न उठा सके। उनके साथ समाजसेवी सह कराटे टीचर दीपक श्रीवास्तव भी मौके पर मौजूद थे और उन्होंने भी समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की मांग की।












