गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में 24 सितंबर की देर रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में युवक रितिक यादव उर्फ बड्डी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव और अनुज कुमार यादव शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की सफेद रंग की रिनॉल्ड कार भी जब्त की है।इस संबंध में राजेंद्रनगर निवासी मुसाफिर सिंह के आवेदन पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 270/26, दिनांक 25 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था। टीम को घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया था।
एसपी डॉ. बिमल कुमार के अनुसार एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर मामले में प्राथमिकी अभियुक्त सतीश यादव तथा उसके सहयोगी अप्राथमिकी अभियुक्त अनुज कुमार यादव को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कार को जब्त किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से रक्त के नमूने, तीन बांस की लाठियां, पेड़ की एक डाली और तीन जोड़ी चप्पल भी बरामद की है। जब्त सामान को अनुसंधान के क्रम में साक्ष्य के रूप में रखा गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में अग्रसारित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य प्राथमिकी एवं अप्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पीरटांड़ थाना प्रभारी जीतेन्द्र सिंह, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित तकनीकी शाखा और संबंधित थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।











