गिरिडीह पुलिस केंद्र में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस ने 105 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसपी डॉ. विमल कुमार मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी में पुलिस की विशेष तकनीकी टीम द्वारा बरामद किए गए मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए। पुलिस के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक 1000 से अधिक गुमशुदा मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। शुक्रवार को 105 मोबाइल वापस किए गए।
एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि पुलिस आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे और खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि गिरिडीह पुलिस की विशेष तकनीकी टीम लगातार मोबाइल बरामदगी अभियान पर काम कर रही है और इसमें लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों ने गिरिडीह पुलिस और तकनीकी टीम का आभार जताया। कार्यक्रम में डीएसपी मुख्यालय समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।











