Aba News

बंदरकुपी में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 10-15 युवकों पर मारपीट का आरोप

गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुपी में गुरुवार की देर रात एक 24 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजेंद्र नगर निवासी ऋतिक यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, ऋतिक यादव अपने दो दोस्तों के साथ रात करीब 11 बजे बंदरकुपी इलाके में फास्टफूड खाने गया था। इसी दौरान वहां कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते करीब 10 से 15 युवक मौके पर पहुंच गए और ऋतिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद ऋतिक के दोस्तों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के कारणों और मारपीट में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है। हत्या की इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया कि बंदरकुप्पी में मारपीट के दौरान एक युवक की मौत हुई है। मृतक की पहचान राजेंद्र नगर निवासी ऋतिक यादव के रूप में हुई है। मामले में कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें