Aba News

गिरिडीह कॉलेज में छात्रों की भूख हड़ताल पर पहुंचे कुलपति, 14 दिनों में जांच पूरी करने का आश्वासन

गिरिडीह। गिरिडीह कॉलेज में विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के दो छात्र पिछले सात दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। गुरुवार को मामले की जानकारी मिलने के बाद कुलपति डॉ. चंद्र भूषण शर्मा गिरिडीह कॉलेज पहुंचे और भूख हड़ताल कर रहे छात्रों सहित अन्य छात्र नेताओं से वार्ता की। हालांकि, कई दौर की बातचीत के बावजूद छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच सहमति नहीं बन सकी।छात्रों ने कुलपति के समक्ष अपनी मांगें रखते हुए कहा कि उनकी कई मांगों को विश्वविद्यालय स्तर पर मान लिया गया है, लेकिन कॉलेज के प्राचार्य को जांच पूरी होने तक पद से हटाने की मांग पर अब तक निर्णय नहीं हुआ है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांग पूरी नहीं होती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।

कुलपति डॉ. चंद्र भूषण शर्मा ने कहा कि छात्रों के लगातार भूख हड़ताल पर रहने से वह काफी आहत हैं। उन्होंने छात्रों से स्वास्थ्य को देखते हुए भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे। कुलपति ने कहा कि छुट्टी के दिनों में भी विश्वविद्यालय को खोलकर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि अधिकतम 14 दिनों के भीतर जांच पूरी कर मामले को स्पष्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्यपाल की ओर से ही जांच कमेटी गठित की गई है, इसलिए जांच की प्रक्रिया के अनुसार ही आगे की कार्रवाई होगी।

वहीं, ABVP छात्र नेता रौशन सिंह ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।

इधर, झारखंड छात्र मोर्चा के नेताओं ने भी कुलपति से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर वार्ता करने का प्रयास किया। वार्ता नहीं होने से नाराज छात्र नेताओं ने कॉलेज का गेट बंद कर दिया। मोर्चा की ओर से भी कॉलेज की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ी कई मांगें रखी गई हैं और जल्द निर्णय लेकर उनका समाधान करने की मांग की गई है। कॉलेज परिसर में छात्र संगठनों के आंदोलन को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें