गिरिडीह में आगामी दुर्गा पूजा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को महापौर प्रमिला मेहरा ने शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर पूजा समितियों से तैयारियों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पचंबा दुर्गा स्थान से निरीक्षण की शुरुआत की। इसके बाद बोडो, अलकापुरी, पपरवाटांड़, सुरों-सुंदरी क्लब, स्टेशन रोड, सिहोडीह और सिरसिया समेत कई पूजा पंडालों का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान पूजा समितियों ने सड़क, साफ-सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं महापौर के सामने रखीं। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा शुरू होने से पहले पंडालों और श्रद्धालुओं से जुड़ी प्रमुख समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मौके पर नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा, उपनगर आयुक्त, अर्बन प्लानर मंजूर आलम समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।












