Aba News

जमशेदपुर मरीन ड्राइव पर ब्रेकडाउन ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं। हादसे की खबर से परिजनों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।बताया जाता है कि मरीन ड्राइव पर बुधवार रात करीब 10 बजे से एक ट्रेलर खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। गुरुवार तड़के तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के नीचे समा गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य के दौरान कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। हादसे के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

वहीं, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें