गिरिडीह। बेंगाबाद-नवडीहा मुख्य मार्ग पर देवाटांड़ गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार शाहिदा खातून की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पति बसरूद्दीन अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों धोधो गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं और बाइक से झबदाटांड़ गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल बसरूद्दीन अंसारी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर बेंगाबाद-नवडीहा मुख्य मार्ग जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे। इधर, दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक को ग्रामीणों ने नवडीहा के पास पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों और ट्रक चालक की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतका के परिजनों में मातम पसरा है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है।












