Aba News

नाली के गंदे पानी से त्रस्त पटेलनगर के लोग सड़क पर उतरे, नगर निगम के खिलाफ फूटा आक्रोश

गिरिडीह। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 स्थित सिहोडीह पटेलनगर में नाली की समस्या को लेकर लोगों का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है। पिछले कई वर्षों से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को बरसात के दिनों में नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर नाली का गंदा और बदबूदार पानी बहने से राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय परिवार भी परेशान हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घरों से सटे गड्ढों में लंबे समय से नाली का गंदा पानी जमा है। बारिश होने के बाद स्थिति और भी भयावह हो जाती है। नाली का पानी सड़कों पर फैल जाने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। वहीं, बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों का जीना भी मुश्किल हो गया है।

लोगों ने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर नगर निगम में कई बार आवेदन देकर शिकायत की गई, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ। स्थानीय वार्ड पार्षद को भी कई बार लिखित रूप से जानकारी देकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई गई, लेकिन लोगों के मुताबिक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से नाराज स्थानीय लोग अब जिला प्रशासन की ओर उम्मीद लगाए हुए हैं। लोगों ने गिरिडीह उपायुक्त को आवेदन देकर तत्काल नाली और जल निकासी की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि जरूरत पड़ी तो गिरिडीह-बेंगाबाद मुख्य सड़क को जाम कर जोरदार आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

नगर निगम के खिलाफ विरोध जताने वालों में प्रदीप सिन्हा, मोहन वर्मा, भागीरथ वर्मा, अरविंद कुमार, रवि यादव, बद्री यादव, अनिल मौर्य, राज कुमार मंडल, आस्तियां शर्मा, अधिवक्ता मुकेश राम, शिवम, इन्द्रजीत, विकास सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अब आश्वासन नहीं, बल्कि मौके पर काम चाहिए। जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें