Aba News

नशे के कारोबार पर सख्ती, अवैध खेती पर होगी कार्रवाई; गिरिडीह में NCORD की बैठक

गिरिडीह। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खेती और नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाने को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन कमेटी (NCORD) की बैठक हुई। बैठक में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं सेवन की रोकथाम के साथ संबंधित विभागों की कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित मादक फसलों की खेती के खिलाफ जिला प्रशासन की नीति स्पष्ट और सख्त है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, अवैध खेती की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने और संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि नशा उन्मूलन के लिए कार्रवाई के साथ जागरूकता और विभागीय समन्वय भी जरूरी है। पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा और औषधि नियंत्रण विभाग को संयुक्त रणनीति के तहत काम करने तथा युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया। औषधि निरीक्षक को नशीली दवाओं के भंडारण एवं बिक्री की नियमित जांच और बिना चिकित्सकीय पर्ची दवा बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक, वन विभाग के अधिकारी, सामाजिक सुरक्षा विभाग के प्रतिनिधि समेत अनुमंडल एवं अंचल स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें