गिरिडीह। बेंगाबाद थाना क्षेत्र से नक्सली दस्ता के दो सक्रिय सदस्यों को बिहार एसटीएफ की टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बेंगाबाद थाना के सहयोग से बिहार पटना की एसटीएफ की टीम ने थाना क्षेत्र के मंझलाटोल गांव में छापेमारी करते हुए दोनों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। गिरफ्तार नक्सली दस्ता के सदस्य बिहार के चकाई स्थित चरकापत्थर थाना कांड संख्या 143/25 के आरोपी हैं और लंबे समय से फरार चल रहे थे। बताया गया कि बिहार पुलिस एवं एसटीएफ की टीम इनकी तलाश कर रही थी। इसी बीच दोनों नक्सली के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मंझलाटोल गांव में शरण लेने की सूचना पटना एसटीएफ की टीम को मिली। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम बेंगाबाद पहुंची और बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त करवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार नक्सली पंकज यादव जमुई जिला के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के चिलकाखार और पवन सिंह झारखंड के कोडरमा जिला के सतगांवा थाना क्षेत्र के तांतीभागलपुर गांव के रहने वाले हैं। गिरफ्तार दोनों नक्सलियों को पटना एसटीएफ की टीम अपने साथ ले गई है। बताया जाता है कि दोनों नक्सलियों से एसटीएफ की टीम गहन पूछताछ कर नक्सली गतिविधि से जुड़ी अहम जानकारी लेने में जुटी हुई है। नक्सली दस्ता के सक्रिय सदस्यों की गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगने की संभावना व्यक्त की जा रही है।बताया गया कि दोनों के विरुद्ध बिहार एवं झारखंड के अलग अलग थाने में कई मामले दर्ज हैं।











