गिरिडीह के ऐतिहासिक गिरिडीह स्टेडियम के जीर्णोद्धार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन और खेल विभाग ने सकारात्मक कदम उठाए हैं। जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने जानकारी दी कि स्टेडियम के पुनरुद्धार के लिए विस्तृत प्राक्कलन तैयार कराने हेतु झारखंड खेल प्राधिकरण, रांची को पत्र भेजा गया है। इसे जिले में खेल अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

करीब चार दशक पहले बने इस स्टेडियम में वर्षों से समुचित देखरेख नहीं होने के कारण मैदान, दर्शक दीर्घा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाएं जर्जर हो गई थीं। प्रस्तावित जीर्णोद्धार योजना में मैदान का समतलीकरण, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, दर्शक दीर्घा का नवीनीकरण, फ्लडलाइट की स्थापना, खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम, शौचालय और पेयजल सुविधा सहित परिसर का सौंदर्यीकरण शामिल है। सुनील खंडेलवाल ने कहा कि स्टेडियम का पुनरुद्धार होने से जिले के खिलाड़ियों और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी और यह परिसर फिर से खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सकेगा।











