गिरिडीह से मधुपुर के बीच चलने वाली सवारी गाड़ी संख्या 53520 की लगातार लेटलतीफी का मामला अब रेल प्रशासन तक पहुंच गया है। सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल की शिकायत के बाद पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। सहायक परिचालन प्रबंधक ने अपने आधिकारिक जवाब में स्वीकार किया कि ट्रेन के लगातार विलंब से यात्रियों को मानसिक और आर्थिक परेशानी हो रही है। रेलवे ने स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने का भरोसा दिया है।

रेलवे के निर्देश के अनुसार ट्रेन की देरी के कारणों की जांच के लिए खंडीय यातायात निरीक्षक को जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही स्टेशन मास्टरों और कंट्रोल कार्यालय के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि मालगाड़ियों से पहले यात्री ट्रेनों की पंक्चुअलिटी सुनिश्चित की जाए। रेलवे ने कहा है कि अनावश्यक ठहराव कम कर यात्रियों को समय पर सेवा देने का प्रयास किया जाएगा। वहीं सुनील खंडेलवाल ने उम्मीद जताई कि जल्द ही यात्रियों को राहत मिलेगी।












