Aba News

केंदुआडीह मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, कार पलटी – पति-पत्नी घायल

गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के केंदुआडीह मोड़ के पास शुक्रवार देर शाम एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी दीपेश कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार में दो लोग सवार थे, जिन्हें सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि केंदुआडीह मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए यहां चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें